जमानिया(गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के देवरिया गांव स्थित एनएच 97(24) के पास चट्टी पर स्थित डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को बुधवार की रात अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त करने के साथ ही उस पर पान का पीक थूक दिया। गुरुवार की सुबह जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। आक्रोशित लोगों ने अराजक तत्वों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर गाजीपुर-सैयदराजा मार्ग पर जाम लगा दिया। उपजिलाधिकारी के आश्वासन पर तीन घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
गुरुवार को सुबह ग्रामीण गांव की चट्टी पर स्थित एक चाय की दुकान पर पहुंचे तो देखा कि आंबेडकर की प्रतिमा पर पान का पीक थूका हुआ था और बाएं हाथ की अंगूली टूटी हुई थी। यह खबर चारों तरफ फैल गई और कुछ ही देर में दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गए। हो-हल्ला करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रतिमा की मरम्मत कराने और अराजक तत्वों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एनएच97 (24) पर सुबह छह बजे जाम लगा दिया। जाम लगते ही मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। सूचना पर देवरियां चौकी प्रभारी विजयकांत द्विवेदी मय पुलिस बल मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों को समझाने में जुट गए। ग्रामीण शरारती तत्वों एवं प्रतिमा को दुरुस्त कराने की मांग पर अड़े रहे। बसपा के जिला सचिव धनंजय मौर्य ने चेताया कि यदि 24 घंटे के अंदर प्रतिमा को दुरुस्त कर शरारती तत्वों की गिरफ्तारी नहीं होगी तो धरना-प्रदर्शन एवं अनशन का रास्ता अख्तियार कर आंदोलन किया जाएगा। सूचना मिलते ही एसडीएम विनय कुमार मौके पर पहुंचे। अराजक तत्वों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और दूसरी प्रतिमा लगवाने का आश्वासन दिया। इस पर दिन में नौ बजे आक्रोशित लोगों ने जाम समाप्त किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष अमृंद्र भारती, गोपाल राय, स्लोक राम, लालचंद राम, उजियार राम, राजेश, आनंद, मनोज, विवेक, उदयी राम सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।