गाजीपुर। संचार एवं रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि पिछले चार वर्षों से जब भी आतंकवादियों ने सर उठाने की कोशिश की, तब उन्हें मुंह की खानी पड़ी। पिछले वर्ष जब आतंकवादियों ने सेना के कैंप पर हमला किया तो 28 एवं 29 तारीख की आधी रात में सेना पाकिस्तानी छावनियों पर कहर बनकर टूटी। यह बातें उन्होंने शनिवार को स्वच्छता पखवाड़ा के तहत नवाब साहब फाटक में स्वच्छता रैली को हरी झंडी दिखाकर रैली रवाना करने के दौरान कही। उन्होंने सेना के वीर जवानों के सम्मान में कहा कि आज का दिन सेना के वीर जवानों के शौर्य सराहना का दिन है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त 2014 को लाल किले की प्राचीर से स्वच्छता अभियान का जो आह्वान किया वह आज जनांदोलन बन गया है। कहा कि बच्चे एवं युवा स्वच्छता के प्रति ज्यादा संवेदनशील एवं जागरूक हैं। सदर विधायक डा. संगीता बलवंत ने कहा कि स्वच्छ भारत का अलख जगाकर प्रधानमंत्री ने देश में स्वच्छता के प्रति भावनात्मक आंदोलन का दर्शन कराया है। रैली की अगुवाई कर रही नगर पालिकाध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता का काम जनसहयोग के बिना संभव नहीं है। नवाब साहब फाटक से निकली रैली सरजू पांडेय पार्क पहुंचकर समाप्त हुई। इसमें विभिन्न विद्यालयों के बच्चे स्वच्छता संबंधी नारा लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। रैली में पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, राजेश भारद्वाज, सुमित तिवारी, वासुदेव पांडेय, रमेश सिंह, रासबिहारी राय, रुद्रा पांडेय, अर्जुन सेठ, कुवंर बहादुर सिंह, कमलेश कुमार, अजय कुशवाहा, निर्गुणदास केशरी, लालसा भारद्वाज, विभा पाल, कार्तिक गुप्ता, आलोक शर्मा, दुष्यंत सिंह, शशिकांत शर्मा, अनिल वर्मा, रामेश्वर तिवारी आदि उपस्थित थे। सभा का संचालन जयसूर्य भट्ट ने किया। स्वच्छता मिशन के तहत पीजी कालेज के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने कालेज परिसर की सफाई की। इस अवसर पर प्राचार्य डा. अशोक कुमार सिंह, कार्यक्रम अधिकारी डा. सत्येंद्रनाथ सिंह, डा. जेके राव, डा. गोपाल यादव, डा. रविशंकर, डा. यूपी पांडेय आदि उपस्थित थे।