गाजीपुर। बकरीद को लेकर मुस्लिम बंधुओं में खासा उत्साह है। पर्व से एक दिन पूर्व मंगलवार को बाजारों में खरीददारों की चहल-पहल दिखाई दी। लोगों ने घरों में लजीज व्यंजन बनाने के लिए खाद्य सामग्रियों की जमकर खरीददारी की। इसके आलावा तमाम लोगों ने बाजारों में पहुंचकर कुर्बानी के लिए बकरों की भी खरीददारी की।
बकरीद की नमाज अदा करने के लिए जिला प्रशासन तथा मुस्लिम बंधु मंगलवार को पूरे दिन मस्जिद और ईदगाहों की साफ-सफाई में जुटे रहे। जिले में उन स्थानों पर विशेष व्यवस्थ की गई है, जहां बकरीद की नमाज में अत्यधिक मुस्लिम बंधुओं की भीड़ होगी। एलआईयू इंस्पेक्टर सुधीर कुमार दुबे की माने तो जिले के 123 ईदगाहों और 325 मस्जिदों में बकरीद की नमाज अदा की जाएगी। नमाज सुबह सात से लेकर 11 बजे के बीच संपन्न होगी। इसके बाद सभी एक दूसरे को बधाई देंगे।