दिलदारनगर। थाना क्षेत्र के बशीर महिला महाविद्यालय मोड़ के पास सोमवार की देर रात तेज रफ्तार एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढा में पलट गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। खबर पहुंचते ही मृतक के घर कोहराम मच गया।
मालूम हो कि सूर्यभानपुर गांव निवासी रविंद्र यादव का पुत्र रत्नेश यादव उर्फ प्रिंस (25) सोमवार को अपने किसी साथी को छोड़ने के लिए बाइक से अमौरा गांव गया था। उसे छोड़कर वह रात में वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान रात करीब 10 बजे उसिया गांव के समीप बशीर महिला महाविद्यालय के पास स्थित मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे गड्ढा में पलट गई। इस दुर्घटना में प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना की सूचना घायल के परिजनों को दी। परिवार के लोग वहां पहुंचे। अभी घायल को उपचार के लिए ले जाने की तैयारी ही कर रहे थे कि उसकी मौत हो गई। परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग चीख-पुकार करने लगे। लोगों के रोने की आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग भी वहां पहुंच गए और घटना पर दुख व्यक्त करते हुए परिजनों को सांत्वना देने में जुट गए। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मृतक के पिता ने सड़क दुर्घटना में पुत्र की मौत की तहरीर दी गई। लिखा-पढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।