मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)।
संचार-रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने वाराणसी-बलिया रेल खंड पर चल रहे विद्युतीकरण, दोहरीकरण एवं अन्य विकास कार्यों का शनिवार को निरीक्षण किया था। दूसरे दिन रविवार को यूसुफपुर रेलवे स्टेशन पर इलेक्ट्रिकल इंटरलाकिंग एवं पैनल का कार्य किए जाने के चलते यूसुफपुर में 12 बजे से छह बजे तक ब्लाक लिए जाने के कारण ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
गाजीपुर सिटी, शहबाजकुली एवं यूसुफपुर के बीच प्री-नान इंटरलाकिंग कार्य के लिए 16 से 19 मार्च तक रेलवे की ओर से ब्लाक लिए जाने की घोषणा के चलते कई ट्रेनों डेमू एवं सवारी गाड़ी का निरस्तीकरण, शार्ट टर्मिनेशन, री-शिड्रयूलिंग एवं कंट्रोलिंग की गई। रविवार को यूसुफपुर रेलवे स्टेशन पर इलेक्ट्रिकल इंटरलाकिंग एवं पैनल का कार्य किया गया। इसके चलते इस स्टेशन पर 12 से 6 बजे तक ब्लाक लिया गया। इस दौरान ट्रेनों का आवागमन बंद रहा। सिर्फ छपरा से दुर्ग को जाने वाली सारनाथ एक्सप्रेस को बिना सिग्नल के मैनुअल पास कराया गया। शाम छह बजे तक कार्य पूर्ण न हो पाने के कारण ब्लाक का समय रात 9 बजे तक बढ़ा दिया गया। इस बीच आने वाली ट्रेनों को भी मैनुअल पास कराया गया। स्टेशनों पर हो रहे कार्य के चलते 75104/75103 वाराणसी सिटी फेफना डेमू, 55133/55134 वाराणसी सिटी-बलिया सवारी गाड़ी निरस्त कर दी गई। 55131 एवं 55132 छपरा-वाराणसी सिटी सवारी गाड़ी आज बलिया स्टेशन पर ही टर्मिनेट एवं ओरिजिनेट हुई। यह ट्रेन बलिया एवं वाराणसी सिटी के बीच निरस्त रही। बलिया से छपरा के बीच चलाई गई। सीनियर डीएसटी आशुतोष कुमार पांडेय की देखरेख में इंटरलाकिंग का कार्य किया गया। कार्य में लगे अन्य अधिकारियों में आरवीएनएल के एजीएम आरएल यादव, सिग्नल के जेई अनिल खलके, एएसटी यशवीर, स्टेशन अधीक्षक प्रमोद कुमार शर्मा आदि लोग लगे रहे।
निरस्त रहेगी सवारी गाड़ी
मुहम्मदाबाद।
नान इंटरलाकिंग कार्य के चलते 19 मार्च को 75102 वाराणसी सिटी-बलिया डेमू गाड़ी को वाराणसी सिटी से अपनी नियत समय से एक घंटे विलंब से चलाया जाएगा। 55013 छपरा वाराणसी सिटी सवारी गाड़ी एक घंटे कंट्रोल करके चलेगी। 75112 वाराणसी सिटी से गाजीपुर सिटी डेमू को गाजीपुर सिटी में एक घंटे 30 मिनट कंट्रोल किया जाएगा। इसके अलावा, 75103 एवं 75104 वाराणसी सिटी फेफना डेमू तथा 55133/ 55134 वाराणसी सिटी बलिया सवारी गाड़ी निरस्त रहेगी।