वाराणसी-छपरा रेलखंड के बीच नव निर्मित फतेहपुर अटवा हाल्ट से सोमवार को अपनी यात्रा शुरू करने वाले यात्री काफी खुश दिखे। तीन दशक पूर्व आमान परिवर्तन के चलते हाल्ट के समाप्त हो जाने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को शहबाजकुली और गाजीपुर घाट पहुंचकर ट्रेन पकड़नी पड़ती थी। रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के प्रयास से पुन: जीवित हो उठे इस हाल्ट से अब लोगों काफी सुविधा होगी।
इस हाल्ट के फिर से शुरू हो जाने से कठवा मोड़, हैंसी, महेशपुर, सदिकापुर, सुसुंडी, लखमीपुर, खालिसपुर, शक्करपुर, नोनहरा, नगवा, चौरही आदि क्षेत्र के लोगों में काफी हर्ष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षो बाद संचार-रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के प्रयास से इस क्षेत्र के लोगों को अपने नजदीक के स्टेशन से यात्रा शुरू करने का मौका मिला है। इस हाल्ट पर 3 जोड़ी सवारी गाड़ियां रुक रही है। इससे क्षेत्र के लोगों की सवारी गाड़ी से वाराणसी और छपरा की यात्रा काफी आसान हो गई है।
निरस्त रहेगी गाड़ियां
गाजीपुर। वाराणसी सिटी एवं सारनाथ के मध्य चल रहे अंतिम चरण के दोहरीकरण एवं इण्टरलॉकिंग कार्य के चलते 6 मार्च से 15 मार्च तक वाराणसी सिटी स्टेशन नान इंटरलॉक प्रणाली से गाड़ियों का परिचालन किया जाएगा। इसके चलते 75104 /75103 वाराणसी सिटी-फेफना डेमू और 55133 /55134 वाराणसी सिटी-बलिया सवारी गाड़ी निरस्त रहेगी। वाराणसी मंडल के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि 55131 /55132 छपरा-वाराणसी सिटी सवारी गाड़ी बलिया एवं वाराणसी सिटी के मध्य निरस्त रहेगी और बलिया-छपरा के मध्य ही चलेगी।