जिले में आगामी छह फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा की तैयारी जारी है। परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी कैमरे से लैस किया जा रहा है। एक सप्ताह के अंदर सभी केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं को पूर्ण कर लेने का शासन का फरमान भी आ चुका है। जबकि जिले के राजकीय विद्यालयों तक में सीसी कैमरा लगाने का काम पिछड़ा हुआ है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने नरेंद्र देव ने निर्देश जारी कर कहा है कि एक सप्ताह के अंदर परीक्षा केंद्र बने सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरा लगवा लें। जिन केंद्रों पर एक सप्ताह के अंदर यह कैमरा नहीं लगा तो उस विद्यालय का वेतन बिल पास नहीं किया जाएगा। उधर परीक्षा की तैयारी को देखते हुए बोर्ड परीक्षा की कापियां भी आना शुरू हो गई हैं। कापियों का संकलन राजकीय सिटी इंटर कालेज में किया जा रहा है।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक परीक्षा शुरू होने से सप्ताह पूर्व पेपर भी आना शुरू हो जाएगा। जिले में जिन 278 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है उनमें 90 प्रतिशत वित्तविहीन विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरा लग चुका है। वित्तविहीन परीक्षा केंद्र बने विद्यालयों की संख्या 190 है। जबकि 79 परीक्षा केंद्र बने एडेड विद्यालयों में से लगभग 50 प्रतिशत विद्यालयों में ही अभी तक कैमरा लगा है। सूत्रों का कहना है कि कुल 9 परीक्षा केंद्र बने राजकीय विद्यालयों में अभी एक विद्यालय में ही कैमरा लग पाया है। यह परीक्षा पहली बार तीसरी आंख के बीच होने जा रही है। इसलिए सब कुछ पारदर्शी होने की उम्मीद है। कक्ष निरीक्षकों की सूची समय से उपलब्ध कराने का विभाग द्वारा भरपूर प्रयास किया जा रहा है।