गाजीपुर। रौजा विद्युत उपकेंद्र पर पैनल और स्विच यार्ड में मरम्मत कार्य होने की वजह से बुधवार को विद्युत उपकेंद्र से संबंधित सभी फीडरों की आपूर्ति सुबह दस बजे बंद कर दी गई। शाम को चार बजे तक सप्लाई शुरू नहीं सकी थी। इससे भीषण गर्मी में लोग परेशान रहे। विद्युत पर आधारित कारोबार पूरी तरह से ठप पड़े रहे।
उपभोक्ताओं बिना किसी अवरोध के बिजली मिल सके, इसके लिए विभाग द्वारा आज पैनल और स्विच यार्ड में मरम्मत का कार्य होना था। इसके लिए सुबह दस बजे रौजा विद्युत उपकेंद्र से संबंधित सभी फीडरों की सप्लाई बंद कर दी गई। इससे रौजा, चंद्रशेखर नगर कालोनी, इंद्रानगर कालोनी, खोवा मंडी, बरबहरना, टाउनहाल, प्रकाशटाकीज, स्टीमरघाट, नवाबगंज, चीतनाथ, नखास, तुलसिया का पुल, उर्दूबाजार सहित दर्जनों मुहल्लों की बत्ती गुल हो गई। जिन लोगों को समाचार पत्रों के माध्यम से यह जानकारी थी कि आज उपकेंद्र पर काम होने से आपूर्ति बंद रहेगी, वह तो इस बात से निश्चित रहे कि काम पूरा होने के बाद आपूर्ति शुरु हो जाएगी, लेकिन जिन्हें जानकारी नहीं थी, वह परेशानी के बीच अब-अब बिजली आने का इंतजार करते रहे। जिन लोगों ने ईन्वर्टर लगा था, वह भी चार्ज न होने से निर्धारित समय के बाद बंद हो गए। बिजली कब तक आएगी, यह पता लगाने के लिए लोगों का उपकेंद्र पर आने-जाने का क्रम बना रहा। शाम साढ़े चार बजे तक आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी थी और लोग परेशान थे। इस संबंध में नगर एसडीओ शिवम राय ने बताया कि पैनल और यार्ड में मेटेनेंस का कार्य होने की वजह से उपकेंद्र से संबंधित सभी फीडरों की आपूर्ति सुबह दस बजे बंद कर दी गई। उम्मीद है कि काम को पूरा कर शाम पांच बजे तक आपूर्ति सुचारू हो जाएगी।