शादियाबाद। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के तत्वावधान एवं नेहरू युवा केंद्र के समन्वय से तीन दिवसीय अन्त्योदय मेला-प्रदर्शनी एवं गोष्ठी का शुभारंभ ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि योगेंद्र सिंह ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक सही ढंग से पहुंचे, इसके लिए सरकारी विभागों को पूरी तत्परता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने सरकारी विभागों की प्रदर्शनी में कम भागीदारी पर चिंता एवं रोष व्यक्त किया।
ग्राम प्रधान लल्लन राजभर ने कहा पंडित दीनदयाल के विचारों को वास्तविकता में बदलने के लिए हम सबको पहल करनी होगी। खंड विकास अधिकारी एवं प्रभारी मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना आशा देवी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। प्रभारी सीडीपीओ मनिहारी रंजू द्विवेदी ने कहा योजनाओं को निचले स्तर पर ले जाने के लिए कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सबको मिलकर समाधान खोजना होगा। शिक्षक आशुतोष कुमार पांडेय ने कहा कि पंडित दीनदयाल मूर्धन्य विद्वान थे। अध्यक्षता कर रहे खंड विकास अधिकारी राम विलास राम ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का व्यक्तित्व जुझारू था। इससे पहले पूर्व माध्यमिक विद्यालय यूसुफपुर की छात्राओं खुशी भारती एवं सलोनी कश्यप ने सरस्वती वदना एवं अंकित कुमार ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। संजीदा बेगम, अलका सिंह, रिजवाना बेगम, सुनीता मौर्य, गीता यादव एवं गीता भारद्वाज ने अतिथियों का बैज अलंकरण कर स्वागत किया। सत्यभामा पांडेय, मनोज कुमार सिंह, सुनील कुमार सिंह आदि उपस्थित थे। संचालन नागेन्द्र कुमार सिंह ने किया।