गाजीपर। मौसम में पिछले कई दिनों से उतार-चढ़ाव का खेल जारी है। कभी तेज धूप के बाद बदली छा जा रही है तो कभी बारिश बंद होते ही तीखी धूप निकल जा रही है। इससे जहां बारिश से लोगों को कुछ सुकून मिल रहा तो वहीं धूप से बेचैनी बढ़ जा रही है। मंगलवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ। सुबह से ही गर्मी और उमस के बीच धूप-छावं का क्रम बना रहा। इसी बीच दिन में करीब पौने दो बजे के लगभग दस मिनट तक तेज और इसके बाद रिमझिम बारिश होती रही। इससे गर्मी से परेशान लोगों ने कुछ राहत महसूस की। हालांकि बाद में धूप निकलने से एक बार फिर से लोगों की परेशानी बढ़ गई।
करीब दो सप्ताह से मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला बना हुआ है। गर्मी के साथ ही जबरदस्त उमस का प्रभाव जारी है। धूप-छावं के बीच बारिश जरूर हो रही है, लेकिन मौसम जरा सा ठंडा नहीं हो पा रहा है। धूप-छांव के बीच सोमवार की शाम करीब छह बजे लगभग आधा घंटा तेज बारिश हुई। इससे गर्मी से बेहाल लोगों को काफी राहत मिली। मौसम ठंडा होने से लोग रात में सुकून की नींद सोए। उमस के बीच मंगलवार को भी सुबह से ही धूप और बदली का खेल शुरु हो गया। इसी बीच दिन में करीब पौने दो बजे घनघोर बदली छा गई और करीब दस मिनट तक तेज और इसके बाद काफी देर तक रिमझिम बारिश होती रही। इस बीच काले बादलों को देख लोग यह कयास लगाने लगे कि आज अच्छी बारिश होगी, लेकिन इसी बीच बारिश बंद हो गई और तेज धूप निकल गई। इससे एक बार फिर से लोग उमस और गर्मी की गिरफ्त में आ गए। हालांकि तेज हवा लोगों को कुछ राहत पहुंचाती रही। बीच-बीच में कई बार धूप के बीच भी आसमान से फुहारें पड़ती रही। इससे लोग अब-तब तेज बारिश होने की आस लगाए रहे।