गाजीपुर। मदरसा शिक्षा परिषद की सेकंडरी एवं सीनियर सेकंडरी की बोर्ड परीक्षा मंगलवार को दूसरे दिन भी सात केंद्रों पर हुई। दूसरे दिन दोनों पाली में 604 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के अलावा तीन सदल दल के सदस्यों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा का जायजा लिया।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सचिदानंद तिवारी ने बताया कि परिषद की सेकंडरी एवं सीनियर सेकंडरी की अरबी और फारसी लिटरेचर की परीक्षा में दोनों पाली में 2007 छात्र-छात्राओं को सम्मिलित होना था। इनमें 1403 उपस्थित हुए तथा शेष 604 अनुपस्थित थे।
पहली पाली में सेकंडरी की परीक्षा में 1546 पंजीकृत थे जिनमें 1056 उपस्थित तथा 490 उपस्थित नहीं थे। दूसरी पाली में सीनियर सेकंडरी में 461 में 347 ने परीक्षा दी जबकि शेष 114 ने छोड़ दी। बताया कि उन्होंने शादियाबाद और बहरियाबाद क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होते मिली। इसके बाद उन्होंने संकलन केंद्र का भी निरीक्षण किया।