हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित विधानसभा स्तरीय वृहद रोजगार मेले में मिले ऑफर लेटर के
हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित विधानसभा स्तरीय वृहद रोजगार मेले में 1500 से अधिक युवाओं ने प्रतिभाग किया। इनमें से 536 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार के बाद विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया। चयनित युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत मंगलवार को जिला सेवायोजन कार्यालय गाजीपुर और हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें 25 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने आठवीं, दसवीं, बारहवीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और परास्नातक योग्यताधारी अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने युवाओं को सेवायोजन एवं आउटसोर्सिंग पोर्टल पर पंजीकरण, विदेश में भर्ती के अवसरों और करियर काउंसिलिंग की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को बिचौलियों से सावधान रहने की सलाह देते हुए स्पष्ट किया कि रोजगार मेले की पूरी चयन प्रक्रिया निशुल्क है। नौकरी दिलाने के नाम पर किसी को पैसा देने की जरूरत नहीं है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री, प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह,लछिराम सिंह यादव, प्रो. अरुण कुमार, संतोष पांडेय, अजय कुमार गुप्त आदि मौजूद रहे। संचालन डॉ. अभिषेक तिवारी ने किया।