गाजीपुर। जिले के 1047 आंगनबाड़ी केंद्रों और बाल वाटिकाओं में बच्चों के लिए बने लर्निंग कॉर्नर को अब नए सिरे से समृद्ध किया जाएगा। इनमें बच्चों की जरूरत के अनुसार चित्र एवं कहानी की किताबें, स्लेट, इंटरएक्टिव बुकमार्क, साक्षरता संबंधी पोस्टर, हिंदी-अंग्रेजी अक्षर सेट, रंगीन कागज और क्रेयान उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए प्रत्येक संबंधित विद्यालय को 5000 रुपये की दर से जिले को कुल 52 लाख 35 हजार रुपये की धनराशि मिली है।
ब्लाॅक कॉर्नर में विभिन्न आकार और रंगों के ब्लाॅक, चित्र पहेली, संख्या सेट और खिलौना औजार शामिल होंगे। वहीं, परफार्मेंस कार्नर में बच्चों के लिए ड्रेस-अप कपड़े, कठपुतलियां, किचन सेट, डाक्टर सेट, सब्जी सेट और भारतीय मुद्रा किट उपलब्ध कराई जाएगी। सामग्री की न्यूनतम संख्या तय की गई है जिसे बजट उपलब्ध होने पर बढ़ाया जा सकेगा। जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) सर्वजीत यादव ने बताया कि प्रधानाध्यापक खरीदी गई सामग्री को स्टाक रजिस्टर में दर्ज कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या ईसीसीई एजुकेटर को उपलब्ध कराएंगे। नोडल शिक्षक, ईसीसीई एजुकेटर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मिलकर इसका संचालन करेंगे। यह राशि विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में एसएनए-स्पर्श पोर्टल के माध्यम से जारी होगी।