वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर ओवर स्पीड की जांच करती यातायात पुलिस। स्रोत- पुलिस विभाग
गाजीपुर। जिले को मिले दो आधुनिक इंटरसेप्टर वाहन (रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल) के जरिये ओवरस्पीडिंग समेत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की जांच की जा रही है। अभियान के दौरान 5172 वाहनों की जांच कर 635 वाहनों का चालान किया गया।
इन पर कुल 9.09 लाख रुपये का शमन शुल्क लगाया गया। छह वाहनों को सीज भी किए गए। अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और ओवरस्पीडिंग से होने वाली जनहानि रोकने के उद्देश्य से जिले में इंटरसेप्टर वाहनों का प्रभावी इस्तेमाल किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान ओवरस्पीडिंग के 52, हेलमेट न लगाने के 347 और रांग साइड चलने के चार चालान किए गए। इसके अलावा वायु प्रदूषण से संबंधित एक चालान भी किया गया।
अभियान में छह वाहनों को सीज किया गया। उन्होंने अपील की कि दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का प्रयोग करें और निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं।