गाजीपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में अपने आवश्यक कागजात जमा कराने के लिए किसान दर-दर भटक रहे हैं। तहसील मुख्यालयों पर उनकी सुनवाई करने वाला कोई नहीं मिल रहा है। कृषि विभाग की ओर से करीब तीन लाख 76 हजार किसानों की सूची तहसीलवार भेज दी गई। लेखपालों की ओर से इस सूची में शामिल किसानों की पात्रता का सत्यापन किया जा रहा है। अधिकतर समय लेखपाल फील्ड में रह रहे हैं जिससे आवेदकों को परेशानी हो रही है। इधर सभी तहसीलों में फीडिंग का काम जोर शोर से किया जा रहा है।
जिले में पंजीकरण कराने वाले किसानों की जो सूची कृषि विभाग ने उपलब्ध कराई है उसमें से सभी किसान इस योजना के पात्र नहीं है। सूची में कुछ ऐसे लोग शामिल हैं जिन्होंने कृषि यंत्रों की खरीद की है या अन्य कृषि योजनाओं का लाभ लिया है लेकिन उनके पास अपनी जमीन नहीं है। कुछ ने पंजीकरण तो करा लिया लेकिन योजना से नहीं जुड़े। इस सूची के सत्यापन का कार्य चल रहा है। इसके तहत लेखपाल उनके घरों में जाकर आवश्यक कागजात जुटा रहे हैं। निर्धारित प्रारूप पर पात्रता तय की जा रही है। इससे इस सूची के अधिकतर किसानों की छंटनी हो जा रही है। इधर नए किसान भी इस योजना के लिए पंजीकरण कराने पर जोर दे रहे हैं। यह सारी प्रक्रिया कृषि विभाग के पोर्टल पर सरकारी दफ्तरों में ही की जा रही है। इसमें तहसील के कर्मचारियों को लगा दिया गया है जिससे वादकारियों ओर अन्य काम के लिए आने वाले लोगों को भी काफी परेशानी हो रही है।
सरकारी कर्मचारी पात्र नहीं
गाजीपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए कोई भी पेंशन या वेतन प्राप्त जन प्रतिनिधि या सरकारी कर्मचारी पात्र नहीं होंगे। पात्र वही होगा जो पूर्णत: किसान है। जिसके पास दो हेक्टेयर अर्थात आठ बीघा से कम जमीन होने के साथ ही घर में कोई नौकरी पेशा वाला न हो और वह आयकर रिटर्न भी न दाखिल करता हो। मासिक पेंशन भी अगर दस हजार से अधिक है या मां-बाप, पति- पत्नी कोई भी सरकारी सेवा या पेंशन भोगी है वह भी इस योजना के पात्र नहीं हो सकते हैं।
क्या है प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि
गाजीपुर। लघु एवं सीमांत किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से इस बार के बजट में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को लागू किया गया। इसके तहत किसानों के खाते में छह हजार रुपये धनराशि सालाना भेजी जाएगी। चार-चार महीने पर तीन बार दो हजार रुपये की किस्त दी जाएगी। इसके लिए किसानों का कृषि विभाग की वेबसाइट पर पंजीकरण कराने के साथ ही आधार कार्ड, बैंक पासबुक तथा खतौनी देकर लेखपालों से इस योजना में फीडिंग करानी है। इस योजना के के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम में 9565387770 पर पूछताछ की जा सकती है।