खानपुर (गाजीपुर)। वाराणसी मंडल के जेडी डॉ. बीसी द्विवेदी ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर का औचक निरीक्षण किया। करीब एक घंटे तक चले निरीक्षण में उन्होंने अस्पताल भवन में साफ-सफाई, दवा वितरण आदि का जायजा लिया, वहीं रोगियों से बातचीत भी की। पैथालाजी में भी गहनता से जांच की गई। कहा कि मरीजों को हर हाल में सुविधाएं मिलनी चाहिए।
वाराणसी से गाजीपुर जाते समय डॉ. द्विवेदी अचानक सैदपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंच गए। इस दौरान वह स्वास्थ्य केंद्र के इमरजेंसी वार्ड पहुंचे। साफ-सफाई को देखने के बाद उन्होंने भर्ती मरीजों से दवा वितरण और सुविधाओं की जानकारी ली। पैथालाजी में स्वयं अपना ब्लड निकलवाकर टेस्ट कराकर तकनीकी और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस क्रम में प्रसव कक्ष, जनरल वार्ड की साफ-सफाई को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। अस्पताल के निरीक्षण के दौरान वह संतुष्ट दिखे। इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक सैदपुर डॉ. मनोज कुमार चौरसिया, डॉ. रविशंकर प्रसाद, डॉ. अभय गुप्ता आदि उपस्थित रहे।