गाजीपुर। जिले की कई महत्वपूर्ण सड़कें जर्जर हैं। उधड़ी सड़कों पर बीच-बीच में गड्ढ़े बने हैं जो लोगों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। सबसे खराब स्थिति गाजीपुर-रेवतीपुर-जमानिया मार्ग की है। बुधवार को मधुबन-उदयपुर संपर्क मार्ग को लेकर मनिहारी तिराहे पर जहां ग्रामीणों ने पुतला फूंका, वहीं रमवल- सुगवलियां -खजुहां -दिलदारनगर मार्ग को लेकर सुगवलियां गांव के समीप पैदल मार्च निकालकर धरना-प्रदर्शन किया।
गाजीपुर-जंगीपुर-मऊ मार्ग, मुहम्मदाबाद- लट्ठूडीह- चितबड़ागांव मार्ग, कठवामोड-नोनहरा- मुहम्मदाबाद मार्ग, मुहम्मदाबाद- समेरा- शेरपुर मार्ग, करीमुद्दीनपुर-जोगा मार्ग, गाजीपुर- करंडा, सादात-भीमापार मार्ग तथा जंगीपुर-सुभाखरपुर मार्ग पर चलना मुश्किल हो गया है।
मनिहारी संवाददाता के मुताबिक मधुबन उदयपुर संपर्क मार्ग पर दो साल से गिट्टी और बोल्डर डाल कर छोड़े जाने से नाराज ग्रामीणों ने मनिहारी तिराहे पर अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी का पुतला फूंक कर रोष व्यक्त किया। पुतला फूंकने के बाद ग्रामीणों ने सभा की। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश यादव ने कहा कि जिला पंचायत की मीटिंग में कई बार यह मुद्दा उठाया गया और उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र देकर सड़क बनवाने की मांग की गईं, लेकिन परिणाम सिफर रहा। उत्तर प्रदेश सरकार सड़कों को गड्ढामुक्त होने का दावा कर रही है लेकिन उच्चाधिकारियों की उदासीनता के चलते सरकार की मंशा पर पानी फिर रहा है। इस अवसर पर महेंद्र यादव, प्रह्लाद राम, प्रमोद यादव, दीपक, हरीनाथ, गिरधारी पाल, सुभाष यादव, भोपाल, संजय राजभर, सुरेश राम, पृथ्वी, रिछाई, गोलू, अंकित, अभिमन्यु, नरेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता रामविलास एवं संचालन कमलेश खरवार ने किया।
उधर सुहवल में रमवल-सुगवलियां -खजुहां -दिलदारनगर मार्ग दर्जनों गांवों को जोड़ने का काम करता है। मार्ग वर्षों से जर्जर और दयनीय हालत में है। इसे लेकर कांग्रेस पार्टी के फरीद अहमद गाजी एवं आम आदमी पार्टी के ब्लॉक संयोजक नागेंद्र यादव दादा के नेतृत्व में आक्रोशित क्षेत्रीय ग्रामीणों ने सुगवलियां गांव के समीप मार्च करने के साथ ही धरना प्रदर्शन किया। यह बाद में यह सभा के रूप में तब्दील हो गया। कहा कि सरकार के उदासीन रवैये के चलते इस पर चलना अपनी मौत को दावत देना है। कहा कि अगर जल्द ही इस मार्ग का मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो हम लोग अनिश्चिकालीन धरना प्रदर्शन को बाध्य होंगे। जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और जिला प्रशासन की होगी। मौके पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस के फरीद अहमद गाजी ने कहा कि सरकार के जनप्रतिनिधियों की उपेक्षात्मक रवैये के चलते गांव का जिला मुख्यालय सहित अन्य गांवों से संपर्क टूटता जा रहा है, जर्जर मार्ग के चलते लोगों को आवागमन करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार विभागीय अधिकारियों के यहां शिकायत के बावजूद अभी तक इसका निर्माण और मरम्मत न उनकी उदासीनता को साफ दर्शाता है। गाँव की मूलभूत सुविधाओं में जब तक सड़क, पानी, बिजली, चिकित्सा, शिक्षा, सुरक्षा, यातायात के सुगम रास्ते, रोजगार परक साधन उपलब्ध नहीं होंगे, तब तक गांवों के विकास की बात बेमानी है। इस मौके पर योगीनाथ कुशवाहा, अश्वनी कुमार, उपेंद्र राजभर, अर्जुन यादव, त्रिभुवन राम, भरत राजभर,नकुल, बालेश्वर, सूरज सिंह, पिंटू, मोनू राजभर, राकेश राजभर, चंदन आदि मौजूद रहे।