दुबिहां(गाजीपुर)। स्थानीय गांव और आस-पास के क्षेत्र में धान क्रय केंद्र न होने से असावर तथा नेवादा न्याय पंचायत के दर्जनों गांवों के किसानों को अपनी उपज बेचने को लेकर समस्या उत्पन्न हो रही है। किसान अपना धान ले कर कहां जाए यह उन्हें समझ में नहीं आ रहा है। किसानों ने दुबिहां में एक क्रय केंद्र खोले जाने की मांग की थी लेकिन अब तक इस पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
धान को बोरे में भर कर करीब 15 किलोमीटर ले जाने में समय तथा वाहन का मनमाना भाड़ा लगता है। इससे किसानों को काफी असुविधा होती है। किसानों का कहना है कि यहां से करीब 15 किलोमीटर दूर करीमुद्दीनपुर या बांराचवर में धान क्रय केंद खोला गया है। इससे किसानों को धान बेंचने में बहुत असुविधा होती है । हरदासपुर के किसान सुर्यदेव राय का कहना है की धान की पैदवार को बेचने के लिये दूर के क्रय केन्द्र पर जाना पड़ता है। कमसड़ी गांव निवासी गोपाल जी का कहना है कि अगर दुबिहां में एक धान क्रय केन्द्र खोल दिया जाय तो क्षेत्र के असावर, हरदासपुर, कमसड़ी ,नेवादा, दुबिहां, गोविन्दपुर, पैकवली, पाहुपुर, खड़हरा, पातेपुर, लालपिपरी, निहालपुर, दलपतपुर, बखरीयाडिह आदि गांवो के किसानों की धान आसानी से खरीद हो सकती है।