गाजीपुर। अतिरिक्त ऊर्जा श्रोत, पेंशन मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार की देर शाम निरीक्षण भवन के सभा कक्ष में जिले के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने विद्युत, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सौभाग्य योजना, शौचालय, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ पेयजल, नगरीय साफ-सफाई, पेंशन, मनरेगा, कर-करेत्तर एवं कानून व्यवस्था आदि की बिंदुवार समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में उन्होंने जिला चिकित्सालय में फिजिशियन एवं सर्जन की तैनाती को गंभीरता से लिया। जिले में जहां-जहां विद्युत तार जर्जर अवस्था में हैं, उसे बदलने का निर्देश दिया गया। सौभाग्य योजना में बताया गया कि जनपद में 320 ग्राम पंचायतों में 425 मुसहर बस्तियां चिह्नित की गई हैं, जिसमें 5995 परिवार निवास करते हैं। उनके लिए तहसील से जाति/निवास/आय प्रमाणपत्र और आधार कार्ड बनाने का कार्य चालू है। खराब सड़कों को नवंबर तक पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया है। जिले को खुले में शौच मुक्त की समीक्षा करते हुए बताया गया कि नवंबर तक सभी काम पूर्ण करा लिया जाएगा। शौचालयों के स्थलीय निरीक्षण के लिए मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिया। स्वच्छ पेयजल में मेदनीपुर का कार्य प्रगति पर है। कूड़ा डंप के लिए शहर के बाहर स्थान चिह्नित करने को कहा गया है। उन्होंने निर्देश दिया कि जनपद में भू-माफियाओं को चिह्नित करते हुए उस पर कार्यवाही की जाए। थानों पर बराबर पेट्रोलिंग कराने का निर्देश दिया। अपराधियों को कत्तई न बक्शा जाए और उन्हें खुला न छोड़ा जाए। थानेवार चौकीदारों की बैठक ली जाए। बैठक में जिलाधिकारी के बालाजी, पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी हरिकेश चौरसिया समेत जनपद के सभी अधिकारी उपस्थित थे।