गाजीपुर। एडीजी पीवी रामाशास्त्री और आईजी जोन वाराणसी विजय कुमार मीणा ने रविवार को पुलिस लाइन में पुलिस अफसरों की अलग-अलग बैठक ली। अपराध समीक्षा बैठक में अधिकारी द्वय ने अपराधियों पर अंकुश लगाने, जेल से छुटने वाले अपराधियों पर पैनी निगाह रखने का निर्देश दिया। अधिकारी द्वय ने दीपावली और छठ का त्योहार नजदीक होने के कारण पुलिस टीम की गश्त बढ़ाने और टीम को सक्रिय करने का निर्देश दिया।
रविवार को दोपहर बाद जिले में पहुंचे एडीजी और आईजी ने जनपद के पुलिस अधिकारियों संग अपराध समीक्षा बैठक की। जिसमें मुख्य रूप से त्योहार को लेकर पुलिस को पूरी सक्रियता बरतने को कहा। इसके साथ ही सघन पेट्रोलिंग और रात्रि गश्त की सख्त हिदायत दी। पुलिस महानिरीक्षक जोन वाराणसी विजय कुमार मीणा ने जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्षों की बैठक ली। इस दौरान अपराधों की गहन समीझा की गई। लंबित मामलों का तत्काल खुलासा करने का निर्देश दिया। आईजी ने कहा कि हत्या व लूट के पुराने मामले जो अभी तक नहीं खोले गए हैं उसे तत्काल खुलासा करने का निर्देश दिया। कहा कि किसी भी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोर्ट में चल रहे बड़े और छोटे अपराधिक मामलों पर भी नजर रखी जाए। इस दौरान एक-एक थानाध्यक्षों से बारी-बारी अपराध की समीझा की गई। उन थानों को फटकार भी लगाई गई, जहां अधिक अपराध हुए और उनका समय से खुलासा नहीं किया गया है। उधर एडीजी पीवी रामाशास्त्री ने पुलिस अधीक्षक, एसपी ग्रामीण, एसपी सिटी तथा सभी सीओ के साथ बैठक की। जिसमें दीपावली और छठ पर्व पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। कहा कि पुलिस महकमे में बेहतर काम करने वाले इनाम के हकदार हैं, तो लापरवाही बरतने वाले दंड के। इस लिए पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से काम करें।
आईजी ने किया पुलिस लाइन का निरीक्षण
गाजीपुर। पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार मीणा ने रविवार को पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई बेहतर न मिलने पर प्रतिसार निरीक्षक को निर्देश दिया। पुलिस लाइन में रखे गए कागजातों को देखा तथा उनके रख-रखाव पर ध्यान देने की बात कही।