दो घंटे तक जाम रहा देवल मुख्य मार्ग
छह किमी तक लगा रहा जाम
अमर उजाला ब्यूरो
सेवराई। भदौरा-देवल मुख्य मार्ग पर परेमन शाह पोखरा के पास सोमवार को ट्रक फंसने की वजह से जाम हो गया। ऐसा सड़क पर गड्ढ़ा होने की वजह से हुआ। इससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया। आलम यह रहा कि करीब डेढ़ किमी तक दोनों तरफ जाम लग गया। जाम के बाद ग्रामीणों ने जेसीबी मंगाकर किसी तरह ट्रक को बाहर निकलवाया और जाम समाप्त कराया।
सोमवार को बिहार से कर्मनाशा नदी पार कर बालू लदा ट्रक जनपद में पहुंचा और भदौरा-देवल मार्ग से होकर गुजर रहा था कि परेमन शाह पोखरे के पास अचानक गड्ढ़े में फंस गया। इसी बीच विपरीत दिशा से आ रहा दूसरा ट्रक भी फंस गया और पूरी तरह से मार्ग अवरुद्ध हो गया। दोनों तरफ ट्रकों के फंस जाने से जाम में लोग परेशान रहे। इस मार्ग के बंद हो जाने से छात्र-छात्राओं एवं वाहनों को मनिया भदौरा मार्ग होते हुए गंतव्य के लिए रवाना किया गया। बाद में जेसीबी की मदद से ट्रकों को हटाया गया। करीब दो घंटे बाद रास्ता साफ हुआ तब जा कर यातायात शुरू हुआ।