गाजीपुर। आमघाट सहकारी कॉलोनी की सड़क को लेकर लंबे समय तक आंदोलन के बाद अखिरकार नगर पालिका एवं लोक निर्माण विभाग की नींद टूट गई। शुक्रवार को सड़क का पिचिंग कार्य पूर्व चेयरमैन तथा वर्तमान चेयरमैन प्रतिनिधि विनोद अग्रवाल और सभासद तोमेश मोहन की देखरेख में शुरू हुआ। सड़क पर पिचिंग का कार्य होते ही लोगों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।
महुआबाग से आमघाट सहकारी कॉलोनी होते हुए कोतवाली जाने वाली सड़क की हालत पिछले दो सालों से खराब थी। सड़क जर्जर होने से केवल गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया था। इससे आवागमन करने वालों को दिक्कतें होती थी। इस पर स्थानीय नागरिकों का सड़क को लेकर आंदोलनों का दौर जारी रहा। मुख्यमंत्री सहित नपा प्रशासन को पत्रक सौंपा गया। बीते 30 मार्च तथा उसके पहले भी ‘अमर उजाला’ ने सड़क की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके तीन दिन बाद ही निर्माण कार्य आरंभ हो गया। इससे मुहल्लावासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। एक वर्ष पहले जैसे ही सड़क और पटरियों के निर्माण के लिए खुदाई का कार्य शुरू हुआ था, लोगों में खुशी थी। लेकिन निर्माण के नाम पर दोनों तरफ गड्ढा खोदकर और उसमें गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया। सभासद सोमेश मोहन की मांग नगर पालिका प्रशासन से की थी। अब निर्माण कार्य आरंभ हो गया है। इसके बाद पटरियों की इंटरलाकिंग का कार्य शुरू होगा।