सैदपुर। मनरेगा की दो सदस्यीय केंद्रीय जांच टीम ने गुरुवार को क्षेत्र के महरूमपुर एवं पहाड़पुर हलधर गांव में मनरेगा के कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान मनरेगा के तहत जारी नए नियमों का पालन करने का निर्देश दिया।
महरूमपुर गांव में निरीक्षण के दौरान टीम में शामिल रमेश हाबा ने मनरेगा के कार्य के पास लगे पुराने बोर्ड को हटाकर नवीन शासनादेश लिखे बोर्ड को लगवाने के लिए कहा। उन्होंने अभिलेख एवं मस्टररोल की भी जांच की। ग्राम प्रधान को हिदायत दिया कि मनरेगा के तहत कार्य करने वाले जाबकार्ड धारक मजदूरों से किसी भी प्रकार की मनमानी न करें। मनरेगा के तहत गांव में जो भी कार्य कराएं जाएं, वे मानक के अनुरूप हों। इसके अलावा टीम ने गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवासों का भी अवलोकन किया। इसके बाद टीम पहाड़पुर हलधर गांव में पहुंची। यहां मनरेगा के तहत हुए कार्यों पर संतुष्टि व्यक्त की। कहा कि कार्य शासन की मंशा के अनुरूप होने चाहिए। मजदूरों को उनका भुगतान ससमय कर दिया जाए। इसके पूर्व टीम दोपहर दो बजे ब्लाक मुख्यालय पर पहुंची। आडिट के अभिलेखों का अवलोकन किया। कर्मचारियों को दिए जाने वाले मानदेय रजिस्टर को देखा। साथ ही बीडीओ पवन कुमार सिंह को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। केंद्रीय टीम में रमेश हाबा, प्रहलाद सिंह आदि शामिल थे।