गाजीपुर। शुक्रवार की शाम अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिला। जिले में कुछ स्थानों पर जहां बारिश हुई, वहीं कई स्थानों में बादल छाए रहे। दिलदारनगर नगर में भीषण गर्मी के प्रकोप के बीच अचानक गुरुवार की रात झमाझम बरसात हुई। दशहरा का समय होने से देवी पूजा पंडालों पर तेज आंधी और पानी का बुरा असर पड़ा। लोगों ने रात में किसी तरह पंडालों के भीतर रखी मूर्तियों को बचाया। दूसरे दिन नवमी को पंडाल में दर्शन-पूजन के लिए लोगों को पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ा।
पिछले एक पखवारे से मौसम अपना रुख बदलता रहा है। एक सप्ताह से लगातार तेज धूप और उमस के बीच गुरुवार की रात कुछ इलाकों में बारिश हुई। जबकि कुछ जगह तेज आंधी के साथ धूल का गुबार उड़ा था और बारिश नहीं हुई। शुक्रवार को भी पूरे दिन धूप और छांव का क्रम जारी रहा। दोपहर बाद आसमान में बादलों का पहरा होने से मौसम ने थोड़ी राहत दी। जबकि घरों में उसम इतनी अधिक थी कि रहना मुश्किल हो गया था। हल्की बूंदाबांदी से तापमान में कमी आई और लोगों को तेज गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन उमस होने से परेशानी बढ़ गई है। उधर किसान अच्छी बारिश को इंतजार कर रहे हैं।