जंगीपुर (गाजीपुर)। मानपुर-बाबुरायपुर गांव के पूर्व प्रधान की गुरुवार की देर रात बदमाशों ने लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद शव को कुएं में फेंककर हत्यारे फरार हो गए। शुक्रवार को घटना की जानकारी होते ही काफी संख्या में लोग कुएं के पास पहुंच गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद सहित दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के पीछे चुनावी रंजिश बताई जा रही है। इसी को लेकर पूर्व प्रधान की हत्या की गई है।
पूर्व प्रधान बुनेल राजभर (70) देर रात गांव में चल रही रामलीला के खत्म होने के बाद सिवान स्थित अपने पंपिंग सेट पर सोने के लिए जा रहे थे। इसी बीच तीन बदमाशों ने उन्हें घेर कर मारा-पीटा और उनकी हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया और अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। सुबह जब ग्रामीण सिवान में स्थित पंपिंग सेट के पास पहुंचे तो टूटे डंडे और जमीन पर पड़े खून को देख हैरान हो गए। जब उन्होंने कुएं में झांककर देखा तो किसी व्यक्ति का शव अंदर पड़ा हुआ था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कुएं से बाहर निकाला। शव बाहर निकलते ही ग्रामीणों के होश उड़ गए। तब-तक परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही परिजन रोने-बिलखने लगे। मृतक के भाई रामधारी राजभर ने एक नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। मृतक के भाई की ओर से मिले तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्जकर हत्यारोपी की तलाश शुरू कर दी। इस संबंध में सीओ हृदयानंद सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की ओर से मिली तहरीर के मुताबिक नामजद आरोपी शिवमुनी राजभर ने शाम को पूर्व प्रधान को जान से मारने की धमकी दी थी। साथ ही प्रधानी चुनाव को लेकर पुरानी रंजिश में चली आ रही थी। फिलहाल मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपी की तलाश जारी है।