मुहम्मदाबाद। स्थानीय विकासखण्ड के प्राथमिक विद्यालय टड़वा के परिसर में बुधवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्थानीय विधायक अलका राय ने विद्यालय के 103 बच्चों को ड्रेस प्रदान किया। विद्यालय परिसर में एबीएसए व विधायक ने पेड़ लगाकर वृक्षारोपण अभियान की शुरूआत की। श्रीमती राय ने बच्चों से शिक्षा के बारे में जानकारी प्राप्त की।
ड्रेस वितरण समारोह में विधायक श्रीमती राय ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। अध्यापकों की जिम्मेदारी है कि बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ-साथ उन्हें अनुशासन एवं संस्कार भी प्रदान करें। प्रदेश सरकार प्राथमिक शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए सारी सुविधाएं मुहैया करा रही है। सभी छात्रों को समान शिक्षा की व्यवस्था की जा रही है। कहा कि सभी लोगों के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करूंगी। क्षेत्र के विकास के लिए मुझसे जो भी सम्भव होगा वह करूंगी। आप सभी किसी भी समस्या को लेकर मुझसे कभी भी और कहीं भी मिल सकते हैं। ग्राम प्रधान कृपाशंकर राय ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि टड़वा प्राथमिक एवं जूनियर हाईस्कूल को आदर्श विद्यालय बनाने के लिए वह प्रयासरत हैं। खंड शिक्षाधिकारी राजेश यादव, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद राय, विनोद यादव, पियूष राय, पुर्णेन्दु राय, पूर्व ग्राम प्रधान गुलाब यादव, बच्चन राय, संदीप उर्फ दीपू गुप्ता, देवेंद्र राय आदि उपस्थित थे। अंत में विद्यालय के अध्यापक अंकित राय ने सभी के प्रति आभार ज्ञापित किया।