नंदगंज। स्थानीय थाने की पुलिस ने बृहस्पतिवार को चोरी के इलेक्ट्रॉनिक सामानों के साथ एक नाबालिग समेत 5 लोगों को चिलार नहर पुल के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। वहीं नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया गया। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस टीम सिरगिथा बाजार में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। सूचना मिली कि 24 अगस्त की रात में कंपोजिट विद्यालय बुढ़नपुर से जो सामान चोरी हुई है, उसे चुराने वाले लोग सामान को चिलार नहर पुल के पास स्थित खंडहर में रखे हैं। सामान अन्य स्थान पर ले जाने की फिराक में है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर नाबालिग समेत पिंटू बिंद उर्फ अखिलेश कुमार बिंद, गुलाब बिंद, श्रवण बिंद, विरेंद्र कुमार बिंद उर्फ पोमा निवासी बिंदपुरवा महराजगंज शहर कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से चोरी का एक एलईडी टीवी, दो मॉनिटर, दो यूपीएस, दो बैटरी, दो एडोप्टर, दो स्पीकर, दो माइक्रोफोन, दो माउस, एक सीपीयू, एक वेब कैमरा, एक प्रिंटर, एक स्टेबलाइजर सहित इलेक्ट्रॉनिक का सामान बरामद हुआ।
नगदी समेत आभूषण चोरी-गाजीपुर। भांवरकोल थाना नंद मुबारक उर्फ सकुहा गांव में बुधवार की रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए 30 हजार नकदी व डेढ़ लाख रुपये के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। घर पर सिर्फ महिलाएं ही थीं। नंद मुबारक उर्फ सकुहा गांव निवासी गोपाल कुशवाहा ने बताया कि परिवार के एक सदस्य कैंसर से पीड़ित हैं। उन्हें बीएचयू लेकर आए थे। घर पर मां और पत्नी बच्चों के साथ अकेले थी। देर रात चोर घर में घुस गए और 30 हजार नकदी एवं डेढ़ लाख के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी सुबह हुई। थानाध्यक्ष संतोष राय ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जाएगी। संवाद
चोरी के सामान के साथ तीन गिरफ्तार-गाजीपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के अंधऊ बिलैचिया मोड़ तिराहा से पुलिस ने चोरी के आरोप में तीन को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही चोरी का हजारों रुपये के सामान भी बरामद किया। कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि अंधऊ बिलैचिया मोड़ तिराहे के पास से विशाल बिंद उर्फ प्रभास राम, छोटू कुमार, रामलखन बिंद को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से चोरी की दो सैमसंग इन्ट्रैक्टीव पैकेट पैनल, दो यूपीएस माइक्रोटेक, एक साउंड बाक्स, एक वायरलेस की-बोर्ड और एक माउस बरामद किया गया। साथ ही एक तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ। आरोपियों ने बताया कि पिकअप वाहन में लदा सामान 28 अगस्त की रात चोरी की। यही सामान बेचने मऊ जा रहे थे। संवाद
चोरी की योजना बना रहे दो पकड़े गए-करंडा। थाना क्षेत्र के धरम्मरपुर से पुलिस ने दो चोरों को चोरी की योजना बनाते समय चोरी के सामान के साथ बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस भ्रमण कर रही थी। सूचना पर धरम्मरपुर गांव के पास से कोटिया धरम्मरपुर निवासी प्रदीप यादव और अभिषेक यादव उर्फ गोलू को चोरी की योजना बनाते समय गिरफ्तार कर लिया। चोरी करने के सामान एक प्लास, एक हेक्सा ब्लेड, एक पेचकस, एक नुकीला सरिया, एक टार्च एवं एक तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ है। दोनों के खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमा दर्ज है। संवाद