गाजीपुर। बीते 15 जून से अब तक इंस्पायर अवाॅर्ड योजना के तहत 1400 बच्चों से आवेदन किया है। जबकि योजना के तहत जिले से 9330 बच्चों को आवेदन करना है और आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर है। शेष बचे दस दिनों में 7930 बच्चों से योजना के लिए आवेदन कराना और निर्धारित लक्ष्य पूरा कर पाना विभाग के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। जबकि योजना के तहत हर स्कूल से पांच-पांच नामांकन का लक्ष्य रखा गया था। शिक्षा विभाग के मुताबिक इंस्पायर अवार्ड योजना का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मक सोच, नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना है। सत्र 2025-26 में योजना के तहत 1866 राजकीय और निजी माध्यमिक विद्यालयों के कक्षा छह से 12वीं तक और परिषदीय विद्यालयों के कक्षा छह से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए आवेदन मांगे गए थे। पूर्व में यह योजना कक्षा छह से 10 तक के छात्र-छात्राओं के लिए थी। सरकार ने इस बार योजना के पात्रता मानदंड में 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को भी शामिल किया। इसमें पंजीकृत विद्यालयों की ओर से पांच सर्वश्रेष्ठ छात्र-छात्राओं के विचारों को वेब पोर्टल पर ऑनलाइन कर नामांकन किया जाना है। जिले के 1866 विद्यालयों के लिए 9330 नामांकन का लक्ष्य रखा गया है। हर स्कूल से पांच नामांकन अपलोड कराए जाने थे़ लेकिन वह इसमें रुचि नहीं ले रहे हैं। यही वजह है कि बृहस्पतिवार तक कुल 1400 नामांकन ही हो सके थे। इस योजना में 10 सितंबर तक आवेदन किया जा सकता है। नामांकन की खराब स्थिति पर बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने नाराजगी जाहिर करते हुए इसे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। चेताया है कि नामांकन में लापरवाही बरतने वाले स्कूलों पर कार्रवाई की जाएगी।