सुहवल। थाना क्षेत्र के पटकनिया गांव के यादव बस्ती में बुधवार की देर रात अज्ञात कारणों से एक के बाद एक चार लोगों की कुल नौ झोपड़ियों में आग लग गई। फायर कर्मियों ने ग्रामीण की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की इस घटना में झोपड़ियों के साथ ही उसमें रखा हजारों का सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। सबकुछ जल जाने के बाद पीड़ित खुले आसमान के नीचे आ गए है।
मालूम हो कि पटकनिया गांव के यादव बस्ती के लोग रोज की तरह बुधवार की रात भी खाने के बाद अपने-अपने झोपड़ी में सो गए। इसी दौरान रात में करीब 12 बजे राम सिंह यादव की रिहायशी झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इसकी जानकारी होते ही उनका परिवार आनन-फानन में भागकर बाहर निकला और शोर मचाने लगा। शोर सुनकर पहुंचे लोग जब तक आग पर काबू पाने की सोचते, तब तक आग ने एक के बाद एक चार लोगों की नौ झोपड़ियों को अपनी जद में ले लिया और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। लोगों ने किसी तरह से झोपड़ियों में बंधे मवेशियों को बाहर निकाला। फायर ब्रिगेड को सूचना देने के बाद ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। कुछ ही देर में फायरकर्मी भी मौके पर पहुंच गए और ग्रामीण की मदद से आग पर काबू पाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की इस घटना में सुग्रीव यादव की तीन, श्रीराम यादव की दो, राम सिंह यादव की दो एवं शांति देवी की दो झोपड़ियों सहित उसमें रखा अनाज सहित गृहस्थी का हजारों का सामान आग की भेंट चढ़ गया। इस घटना के बाद तपते मौसम में पीड़ित खुले आसमान के नीचे आ गए है। पीड़ितों ने बताया कि न तो तन ढंकने के लिए कपड़ा बचा है और न ही पेट भरने के लिए अनाज। घटना की सूचना अधिकारियों को दी गई है।
बेटियों के शादी का सामान भी जला
सुहवल। राम सिंह यादव की दो पुत्रियों की इसी माह 14 मई को शादी तय है। इसे लेकर घर में खुशी का वातावरण था। राम सिंह यादव ने बताया कि वह पिछले कई माह से शादी की तैयारी में जुटा हुआ था। अनाज सहित बेटियों को देने के लिए जेवरात, कपड़ा सहित अन्य सामान की खरीदारी कर झोपड़ी में रखा हुआ था, जो आग की भेंट चढ़ गई है। झोपड़ी सहित सब कुछ आग में जल जाने के बाद बेटियों की शादी करने का संकट खड़ा हो गया है।