गाजीपुर। जनपद में 22 दिसंबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी के बालाजी ने पुलिस लाइन में स्थित हेलीपैड, पुलिस लाइन सभागार, आरटीआई मैदान निकास एवं प्रवेश द्वार, बैरीकेडिंग, मीटिंग कक्ष, सुरक्षा व्यवस्था, विकास भवन सभागार, वाहनों की पार्किंग आदि का गुरुवार को निरीक्षण किया।
इस बीच हेलीपैड एवं आने-जाने वाले रास्तों की बैरीकेडिंग, पुलिस लाइन गेट के पास टूटी नाली की मरम्मत एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी हरिकेश चौरसिया, अपर जिलाधिकारी भू.रा. अजय अवस्थी, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चंद्रप्रकाश शुक्ल एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए जिलास्तरीय अधिकारियों-कर्मचारियों की ओर से लिए गए अवकाश को निरस्त करने तथा सभी जिलास्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वह अविलंब मुख्यालय वापस आकर शासकीय कार्यों का निस्तारण सुनिश्चित करें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।