जमानिया (गाजीपुर)। नगर के तहसील मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान में शुक्रवार को सामाजिक कार्यकर्ता सामाजिक कार्यकर्ता श्रीप्रकाश सिंह उर्फ मुन्ना दादा हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी और सीओ के स्थानांतरण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया। इस मौके पर मृतक का बेटा वीरबहादुर सिंह ने कहा कि हत्याकांड का खुलासा करने को लेकर पुलिस निष्क्रिय दिख रही है। पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्राधिकारी मामले में लीपापोती कर रहे हैं। यही कारण है दो माह बीतने के बाद भी हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और न ही हत्या के कारणों के पता लग सका है।
कहा कि बीते 12 अक्टूबर की रात तहसील मुख्यालय से बाइक से अपने गांव डेवढ़ी लौटते समय बदमाशों ने गोली मारकर मेरे पिता श्रीप्रकाश सिंह उर्फ मुन्ना दादा की हत्या कर दी थी। बावजूद इसके पुलिस अभी तक हत्या का खुलासा नहीं कर सकी है। जैसे-जैसे वक्त बीत रहा है। परिवार सहित क्षेत्र के लोग हत्या के खुलासे को लेकर नाउम्मीद होते जा रहे हैं। जिस कारण से परिवार के लोग अब खुलकर स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने को विवश हो रहे हैं। कहा कि पुलिस हत्यारों को बचाने का प्रयास करते हुए उनकी गिरफ्तारी में रुचि नहीं ले रही है। पुलिस ने इस हत्याकांड की फाइल को ठंडे बस्ते में डालना चाहती है। वह हाथ पर हाथ धरे बैठी है और हत्यारोपी खुली हवा में सांस ले रहे हैं। क्षेत्राधिकारी पर धनगाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मेरे जिस पिता की हत्या हुई, वह क्षेत्राधिकारी के काफी करीबी थे। बावजूद वह उनके हत्यारों की गिरफ्तारी को लेकर गंभीर नहीं हो रहे हैं। धरना में शामिल लोग पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। इस अवसर पर ग्राम प्रधान अभईपुर बबलू सिंह, बसपा नेता गोपाल राय, रणजीत सिंह, राम प्यारे सिंह, धर्मचंद खरवार, रामध्यान राम, हरीहर खरवार, अखिलेश सिंह, त्रिलोकी नाथ यादव आदि मौजूद थे।