मुहम्मदाबाद(गाजीपुर)। गढ़हा विकास मंच के तत्वावधान में इस वर्ष भी दो दिवसीय गढ़हा महोत्सव एवं सामूहिक 21 जोड़ी शादी उत्सव कार्यक्रम 17 एवं 18 नवंबर को आयोजित किया गया है। गढ़हा महोत्सव के आयोजक गायक एवं अभिनेता गोपाल राय ने बताया कि 17 नवंबर को सुबह नौ बजे से भरौली गोलंबर पर ट्वेंटी-ट्वेंटी गीत-संगीत प्रतियोगिता होगी। इसके निर्णायक भरत शर्मा, विष्णु ओझा, धनंजय मिश्रा एवं आनंद गहमरी होंगे।
बताया कि दो बजे से कृषि मेला, स्वास्थ्य मेला तथा गढ़हा क्षेत्र के ख्यातिलब्ध लोगों का सम्मान किया जाएगा। इसके मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद विरेंद्र सिंह मस्त होंगे। शाम पांच बजे से रात नौ बजे तक भोजपुरी गायन होगा। महोत्सव के दूसरे दिन 18 नवंबर को सुबह नौ बजे से सामूहिक शादी उत्सव कार्यक्रम में 21 जोड़ों की शादी होगी। दिन में 11 बजे से शाम पांच बजे तक भोजपुरी गायन होगा। इसमें भोजपुरी फिल्म अभिनेता रवि किशन, पवन सिंह, कुणाल, विजयलाल यादव, मालिनी अवस्थी, मुन्ना सिंह, भरत शर्मा, मदन राय, मोहन राठौर, कल्पना आदि कलाकार रहेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही तथा अध्यक्षता में बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय होंगे।