गाजीपुर। जनपद में तीसरे ट्रामा सेंटर निर्माण के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जमीन चिन्हित कर लिया है। शहर के बीचो-बीच स्थित जिला अस्पताल और दिलदारनगर का चयन कर निर्माण के लिए प्रस्ताव शासन के पास भेज दिया गया है। अत्याधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं से लैस 50 बेड यह ट्रामा सेंटर जनपद का पहला सेंटर होगा।
जिले के विभिन्न मार्गों पर आए दिन दुर्घटना में घायल हुए लोगों को तत्काल बेहतर चिकित्सकीय सुविधा नहीं मिलने से उनकी मौत हो जाती है। साथ ही गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को जिले के सरकारी अस्पतालों से अन्य जनपदों के सरकारी अस्पतालों के लिए रेफर कर दिया जाता है। इस समस्या को देखते हुए रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने जिले में 50 बेड का अत्याधुनिक ट्रामा सेंटर निर्माण की बात पत्र के माध्यम से एक माह पूर्व प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य मंत्री के सामने रखी थी। पत्र को गंभीरता से लेते हुए शासन ने सीएमओ को जमीन चिन्हित कर प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया। इस पर सीएमओ ने शहर के बीचो-बीच जिला अस्पताल और दिलदारनगर का नाम प्रस्तावित कर शासन के पास भेज दिया। इस अत्याधुनिक ट्रामा सेंटर के निर्माण हो जाने से लोगों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधा का लाभ मिल सकेगा। इस संबंध में सीएमओ डॉ. जेसी मौर्या ने बताया कि जमीन चिन्हित कर प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।