गाजीपुर। बकाया वसूली को लेकर विद्युत वितरण खंड नगर की ओर से सोमवार से विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान 15 नवंबर तक जारी रहेगा। अभियान के दौरान जो उपभोक्ता बकाये बिल का भुगतान नहीं करेंगे, उनका कनेक्शन काट दिया जाएगा। विद्युत वितरण खंड नगर में 41 हजार उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने बिजली कनेक्शन लेने के बाद आज तक बिल का भुगतान नहीं किया है। इन पर 452 करोड़ रुपये बकाया है।
बीते अक्तूबर महीने में बिल जमा करने को लेकर रैली निकालकर बिजली निगम की ओर से लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही बड़े बकायेदारों को चिह्नित कर बिल ठीक करने का भी कार्य किया गया। नगर परिक्षेत्र में पांच किलोवॉट से ऊपर 10 हजार रुपये से अधिक के 426 बकायेदार हैं। इन पर 24 करोड़ रुपये बकाया है। इन बकायेदारों से इस महीने पुराना बकाया जमा कराया जायेगा। ऐसा नहीं करने पर उनके बिजली कनेक्शन को काट दिया जाएगा।
वाणिज्यिक, निजी संस्थान एवं औद्योगिक श्रेणी के 2635 उपभोक्ता हैं, जिनका बकाया 20 हजार रुपये से अधिक है। इन पर 93 करोड़ का बकाया है। 26 हजार ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्होंने तीन माह से अधिक समय से बिल नहीं जमा किया है। इन पर 104 करोड़ रुपये का बकाया है। पूर्व में 10 हजार रुपये से अधिक बकाये पर जो कनेक्शन काट दिए गये थे, उनकी जांच कराई जाएगी। जांच में यदि पता चला कि बकाया जमा किए बगैर बिजली कनेक्शन जोड़ लिया गया है तो मुकदमा दर्ज करके बकाये की धनराशि सहित सम्मन शुल्क व जुर्माना वसूला जायेगा। अक्तूबर में लापरवाही बरतने व गलत बिजली बिल बनाने के मामले में आउटसोर्स पर कार्यरत 10 मीटर रीडरों तथा 13 कर्मियों के खिलाफ बर्खास्त करने की कार्रवाई की गई। इस महीने भी अगर इस तरह का मामला प्रकाश में आयेगा तो संबंधित के खिलाफ बिलिंग एजेंसी को एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। विद्युत वितरण खंड नगर के अधिशासी अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि चार से शुरू होकर अभियान 15 नवंबर तक चलेगा। अभियान के तहत बकायेदारों से बकाये बिल का भुगतान कराया जायेगा।
विभिन्न प्रकार की समस्याओं का होगा निस्तारण
पूर्व गलत बनाये गये बिजली के बिल को 10 नवंबर तक दुरुस्त कर लिया जाएगा। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उपभोक्ताओं को सहूलियत मिल सके, इसके लिए आमघाट स्थित कार्याल में हेल्प डेस्क खोला गया है। हेल्प डेस्क में बिल बनाने, केवाईसी, लोड बढ़ाने, मीटर का बिल प्राप्त करने व सोलर नेट मीटर से संबंधित शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा।
उपभोक्ताओं को मुहैया कराई जा रही ये सुविधाएं
बिजली निगम की ओर से उपभोक्ताओं को कई प्रकार की सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। सभी उपकेंद्रों व कार्यालयों, सीएससी, मीटर रीडरों तथा विद्युत सखियों के माध्यम से बिल भुगतान कराने की सुविधा दी जा रही है। साथ ही ऑनलाइन वेबसाइट व ऑनलाइन एप के जरिए भी बिल भुगतान की सुविधा उपलब्ध है।