भड़सर। बिरनो थाना क्षेत्र के मर्दानपुर लक्ष्मण गांव में करीब 40 वर्ष से चले आ रहे रास्ते के विवाद का मंगलवार को समाधान हो गया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर राजस्व और पुलिस टीम की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाकर मार्ग को आवागमन योग्य बना दिया गया।
ग्रामीण आशीष यादव ने बताया कि रास्ते की समस्या को लेकर उन्होंने पूर्व में कई बार अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी से शिकायत की, जिस पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कानूनगो महेंद्र राम, लेखपाल नरेंद्र उपाध्याय, ग्राम सचिव श्रवण कुमार, बिरनो थानाध्यक्ष पन्ने लाल यादव तथा राजस्व व पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने 55 मीटर लंबे रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया और जेसीबी से मिट्टी डलवाकर मार्ग को दुरुस्त कराया। ग्राम सचिव श्रवण कुमार ने बताया कि वर्षों से लंबित इस रास्ता विवाद का सफलतापूर्वक निस्तारण कर दिया गया है।
-