दुबिहां। करिमुद्दीनपुर थानाक्षेत्र के हरदासपुर गांव में किसान रामबचन ठाकुर की हत्या के पंद्रह दिन बाद भी चार आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जबकि, मुठभेड़ में गिरफ्तार हत्याकांड के मुख्य आरोपी शक्तिनारायण राय ने पुलिस के सामने कुछ अहम राज खोले। इसके बाद भी बाकी के आरोपियों के खुले में घूमने से पीड़ित परिवार चिंतित है।
बड़े पुत्र चंदन ठाकुर ने बताया कि बीते तीन अप्रैल की रात गांव के ही एक कटरे में लगी चौकी पर सो रहे पिता रामबचन ठाकुर की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इसमें पांच आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने सात अप्रैल को ही मुख्य आरोपी शक्तिनारायण राय को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सामान भी पुलिस ने बरामद कर लिया। इस दौरान उसने पुलिस के सामने कुछ अहम राज भी खोले। हत्या के पंद्रह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस बाकी के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस से पूछने पर वह लगातार दबिश देने की बात कह रही है। पर अभी तक उनको कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी है। इससे परिवार में डर का माहौल बना हुआ है। पुलिस के सुस्त रवैये से रोष है। वहीं, थानाध्यक्ष रमेश पटेल ने बताया कि गिरफ्तारी आरोपी से सुराग मिले हैं। बाकी आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। जल्द ही उन्हेंं भी गिरफ्तार कर कर लिया जाएगा। पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस बल लगाया गया है।