नंदगंज के शहीद स्मारक इंटर कालेज से डीएलएड की परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी। संवाद
गाजीपुर। डीएलएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा शुक्रवार को दूसरे दिन जिले के 28 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हुई। तीन पालियों में हुई परीक्षा में पहली पाली में 372, दूसरी में 457 और तीसरी पाली में 371 प्रशिक्षु अनुपस्थित रहे। डायट प्राचार्य सहित प्रवक्ताओं ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य-उप शिक्षा निदेशक बालमुकुंद प्रसाद ने बताया कि पहली पाली में विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। इसमें कुल पंजीकृत 10152 प्रशिक्षुओं में 9780 उपस्थित और 372 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में गणित विषय की परीक्षा आयोजित हुई। इसमे 9677 पंजीकृत प्रशिक्षुओं में 9220 ने परीक्षा दी, जबकि 457 अनुपस्थित रहे। तीसरी पाली में सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा में 9128 पंजीकृत प्रशिक्षुओं में 8657 ने परीक्षा दी और 371 अनुपस्थित रहे। इससे पहले प्रशिक्षु अपने-अपने केंद्रों पर निर्धारित समय पर पहुंच गए थे।
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले प्रशिक्षुओं की गहन जांच की गई। इसके बाद ही उनको प्रवेश दिया गया। डायट प्राचार्य ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा का हाल जाना।