सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के बसुका गांव में मतदान के दिन दो पक्षों में आपसी विवाद में हुई जमकर मारपीट और फायरिंग के मामले में गहमर पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए 34 नामजद और 80 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आरोपियों को दबोचने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
सेवराई तहसील क्षेत्र के बसुका गांव में मतदान के दिन निवर्तमान ग्राम प्रधान एवं पूर्व प्रधान के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट और फायरिंग हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के लोगों द्वारा पथराव भी किया गया था। जिलाधिकारी एमपी सिंह, पुलिस अधीक्षक डा. ओपी सिंह एवं एसडीएम सेवराई रमेश मौर्या ने पुलिस कर्मियों के साथ हल्का बल प्रयोग करते हुए उपद्रवियों को खदेड़ा था। अब इस मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 34 नामजद और 80 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इस मामले में एसडीएम सेवराई द्वारा 27 व्यक्तियों की जमा जमानत राशि को जब्त करने की भी कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में एसडीएम सेवराई ने बताया कि बसुका में हुए उपद्रव के मामले में पुलिस द्वारा 34 नामजद और 80 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। 27 व्यक्तियों की जमानत राशि को जब्त करने की भी कारवाई की जा रही है।