सैदपुर/औड़िहार। सैदपुर-सादात मार्ग पर हीरानंदपुर गांव अंतर्गत गांगी नदी पुलिया के पास बुधवार की शाम अज्ञात बदमाशों गोली मार कर एक किसान की हत्या कर दी। शव को कब्जे में लेकर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना के पीछे भूमि विवाद बताया जा रहा है।
सादात थाना क्षेत्र के इकरा गांव निवासी सुरेंद्र यादव (55) बाइक से बुधवार को सैदपुर बाजार स्थित अपनी बेटी के ससुराल सभासद सुनील यादव के घर गए थे। वहां से वापस लौटते समय शाम करीब पांच बजे सैदपुर -सादात मार्ग पर हीरानंदपुर गांव के पास स्थित गांगी नदी पुलिया के समीप पहुंचे बदमाशों ने उन पर गोलियों की बौछार कर दी। सुरेंद्र को तीन गोली पीठ लगी और एक गोली बाइक की टंकी को छेदती हुई निकल गई। सुरेंद्र लहूलुहान हो मौके पर गिर गए। इसी बीच ड्यूटी के बाद लौट रहे बीडीओ सादात की नजर घायल व्यक्ति पर पड़ी, तो उन्होंने अपनी बाइक रोकी। इसके बाद आसपास के तीन-चार लोगों को बुलाया और कार से सुरेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित किया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सैदपुर कोतवाल बलवान सिंह पुलिसकर्मियों के साथ ही स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंच गए। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड अन्य कागजातों से उनकी पहचान करते हुए घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। कुछ ही देर में परिवार के लोगों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण बदमाशों की तत्काल गिरफ्तारी की बात कहते हुए पुलिस को शव को कब्जे में लेने से रोकने लगे। इस पर मृतक के पुत्रों चंदन और संगम यादव ने लोगों को समझाते हुए कहा कि आप लोग पुलिस को अपना काम करने दें। इस पर लोग शांत हुए और पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए मामले की छानबीन में जुट गई। मृतक के पुत्रों की माने तो बगल के एक गांव के ग्राम प्रधान से जमीन का विवाद चल रहा है। इसका मुकदमा भी चल रहा है। इस संबंध में एसपी ग्रामीण चंद्रप्रकाश शुक्ला ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया। इस मामले में अभी तक मृतकों की परिजनों की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। फिर भी मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। घटना का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।