गाजीपुर। पहली अप्रैल से होने वाली गेहूं खरीद की तैयारी जोर पकड़ने लगी है। आगामी खरीद के लिए विभिन्न संस्थाओं की ओर से 36 क्रय केंद्रों का प्रस्ताव सौंपा गया है। इस बार गेहूं की खरीद 1840 रुपये प्रति कुंतल की दर से की जाएगी। किसान जनपद के अंदर किसी भी केंद्र पर गेहूं विक्रय के लिए स्वतंत्र होंगे।
शासन की ओर से क्रय नीति जारी कर दी गई है। पहली अप्रैल से 15 जून तक होने वाली खरीद में महिलाओं को प्रोत्साहन देने के लिए अगर जमीन के प्रपत्र महिला के नाम हैं एवं महिला कृषक केंद्र पर गेहूं विक्रय करने आती है तो उसको वरीयता देते हुए बगैर नंबर के भी उसका गेहूं क्रय किया जाएगा। कृषकों के गेहूं की उतराई, छनाई एवं सफाई में आने वाला व्यय 20 रुपये प्रति कुंतल कृषक द्वारा स्वयं वहन किया जाएगा। इस निमित्त कृषक को 20 रुपये प्रति कुंतल की दर से आरटीजीएस के माध्यम से उसके बैंक एकाउंट में भुगतान क्रय एजेंसी की ओर से किया जाएगा। यह भुगतान गेहूं के समर्थन मूल्य के अतिरिक्त होगा। आगामी खरीद के लिए विभिन्न संस्थाओं मार्केटिंग 16, नेफेड आठ, नेकाफ छह, एफसीआई एक, यूपी एग्रो दो एवं कर्मचारी कल्याण निगम की ओर से तीन क्रय केंद्रों का प्रस्ताव सौंपा गया है। इस संबंध में जिला खाद्य विपणन अधिकारी रतन कुमार शुक्ला ने बताया कि क्रय केंद्र सुबह नौ से शाम छह बजे तक खुले रहेंगे। किसानों को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से रविवार एवं राजपत्रित अवकाशों को छोड़कर शेष कार्य दिवसों में क्रय केंद्र खुले रहेंगे।