सुहवल(गाजीपुर)। ताड़ीघाट-बारा और गाजीपुर-जमानिया मार्ग पर स्थित ढाबे और रेस्टोरेंटों के सामने वाहनों के खड़े होने से आए दिन जाम लग जाता है। इसे पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को नोटिस जारी किया है। साथ ही उनको पार्किंग की व्यवस्था करने को कहा गया है। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द से जल्द पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से ढ़ाबा और रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
ताड़ीघाट-बारा मार्ग और गाजीपुर-जमानिया मार्ग पर मेदनीपुर, बहलोलपुर, ताड़ीघाट, गरूआमकसूदपुर, डुहियां, भगीरथपुर, मलसा आदि जगहों पर मार्ग के किनारे ढाबा और रेस्टोरेंट चल रहे हैं। इन ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों की तरफ से पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई है। यहां बड़े चार पहिया वाहन के साथ ही छोटे चार पहिया वाहन रुकते हैं। चालक वाहन को सड़क पर ही खड़ा कर देते हैं। इससे आवागमन में अवरोध उत्पन्न हो रहा है और आए दिन लोगों को जाम का सामना करना पड़ रहा है। कई ढाबा ऐसे भी हैं, जहां ट्रक चालक वाहन खड़ा कर पूरी रात ढाबा पर आराम करते हैं। वाहनों के सड़क पर खड़ा रहने की वजह से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि मार्ग के किनारे सभी ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालकों को नोटिस जारी कर उन्हें सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था करने की हिदायत दी गई है। नोटिस में यह भी कहा गया है कि ढ़ाबा और रेस्टोरेंट के सामने खड़े वाहनों की वजह से यदि कोई दुर्घटना होती है तो इसके जिम्मेदार संचालक होंगे। नियम का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।