जमानिया। स्थानीय तहसील के लघु एवं सीमांत किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की प्रथम किस्त दिए जाने की कवायद तेज हो गई है। दिसंबर से मार्च की किस्त फरवरी में जारी होगी। 258 ग्राम सभा में क्षेत्रीय लेखपालों, रोजगार सेवक, ग्राम विकास अधिकारी सहित कृषि विभाग के अधिकारी को पीएम किसान सम्मान निधि के पात्रों का पंजीकरण कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
शनिवार को स्थानीय तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी विनय कुमार गुप्ता ने पीएम किसान सम्मान निधि के संचालन के लिए नामित किए गए प्रभारियों की बैठक ली। उन्होंने न्याय पंचायत प्रभारियों को योजना के तहत भराए जा रहे फार्मों की प्रति दिन की प्रगति की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कहा कि रिपोर्ट तहसील मुख्यालय में उपलब्ध कराई जाए। कहा कि कार्य में लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। क्षेत्रीय लेखपालों को निर्देशित किया कि निर्धारित फार्म में कृषकों के डिटेल भरें तथा कृषक का आधार, बैंक अकाउंट विवरण, आईएफएससी कोड, मोबाइल नंबर आदि एकत्र कर कार्यालय में प्रस्तुत करें। जिला भूमि संरक्षण अधिकारी केके सिंह ने बताया कि दो हेक्टेयर से कम के किसान जो किसी पंजीकृत सेवा में न हों। बताया कि प्रथम किस्त दो हजार रुपये लघु एवं सीमांत किसानों को भेजा जाना है। इसको लेकर तैयारी की जा रही है। इस अवसर पर तहसीलदार आलोक कुमार, राहुल कुमार, भरत यादव आदि उपस्थित थे।