गाजीपुर। कर-करेत्तर एवं मासिक स्टाफ बैठक राइफल क्लब के सभागार में सोमवार को हुई। जिसमें डीएम के बालाजी ने आबकारी, परिवहन, वन विभाग, खनन, मंडी समिति, परिवहन निगम, नगर पालिका, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन, खाद्य विभाग, व्यापार कर, मोटर देय, विद्युत आदि विभागों की लक्ष्य के सापेक्ष वसूली की विस्तार पूर्वक समीक्षा की। समीक्षा में आबकारी, खनन, परिवहन निगम, नगर पालिका सैदपुर, व्यापार कर में सैदपुर एवं मुहम्मदाबाद एवं विद्युत में कासिमाबाद, जमानिया, जखनियां, मुहम्मदाबाद में कम वसूली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सख्त निर्देश दिया।
राजस्व प्राप्ति के संबंध में जो विभाग कार्य कर रहे हैं उनके द्वारा अपने-अपने लक्ष्य को प्रत्येक माह पूर्ण करने की कार्य योजना बनाकर उसे अंतिम रूप प्रदान किया जाए। जिससे सभी विभागों में राजस्व प्राप्ति के लक्ष्य पूर्ण किए जा सकें। जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों में अनाज वितरण की जानकारी ली तथा शत-प्रतिशत पीओएस मशीन से वितरण का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन विभागीय अधिकारियों द्वारा अपने राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति नहीं की जाएगी उनके विरुद्ध कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। उन्होंने मासिक स्टाफ बैठक के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक ली। उन्होंने चकरोड के अतिक्रमण का संज्ञान लेते हुए निर्देश दिया कि जहां-जहां पत्थर गाड़कर कार्य अवशेष हैं, वहां तत्काल पत्थर गाड़ कर चकरोडों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और जो दबंगई से निर्माण करा रहे हैं उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई कराने का निर्देश दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।