गाजीपुर। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन विभिन्न तहसीलों में मंगलवार को किया गया। जिलाधिकारी के बालाजी की अध्यक्षता में मुख्य संपूर्ण समाधान दिवस में 96 आवेदन पत्रों में से मौके पर चार का निस्तारण किया गया। छह तहसीलों की सूचना के अनुसार 666 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें 20 आवेदन पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया।
सेवराई संवाददाता के अनुसार संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त आवेदनों में जल निगम, पेंशन, आवास, शौचालय, राशनकार्ड, पट्टा, पैमाइश, विद्युत, पुलिस आदि से संबंधित प्रकरण रहे। जिलाधिकारी के बालाजी ने प्राप्त आवेदनों को एक सप्ताह के भीतर संबंधित अधिकारी को जांच के बाद निष्पक्ष निस्तारण कराते हुए अवगत करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह, उपजिलाधिकारी मुहम्मद कमर, उपनिदेशक कृषि यूपी सिंह, तहसीलदार एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। सैदपुर संवाददाता के अनुसार तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 123 आवेदन पत्रों में तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। सदर तहसील में प्रभारी उपजिलाधिकारी रमेश मौर्या की अध्यक्षता में 154 आवेदन पत्र प्राप्त हुए जिसमें तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। जखनिया संवाददाता के अनुसार तहसील में उपजिलाधिकारी विजयशंकर तिवारी की अध्यक्षता में 112 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिसमें चार का मौके पर निस्तारण किया गया। जमानिया संवाददाता के अनुसार तहसील में उपजिलाधिकारी विनय कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में 42 आवेदन पत्रों में एक का मौके पर निस्तारण किया गया। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार तहसील दिवस में उपजिलाधिकारी रमेश यादव की अध्यक्षता में 139 आवेदन पत्रों में पांच का निस्तारण किया गया।