मुहम्मदाबाद(गाजीपुर)। मुहम्मदाबाद रामलीला समिति की तरफ से सोमवार की रात में श्रीराम का राज्याभिषेक का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर शोभा यात्रा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए।
धनतेरस के अवसर पर शाहनिंदा स्थित हनुमान मंदिर से श्रीराम राज्याभिषेक के लिए शोभायात्रा निकाली गई। इसमें रथ पर सवार राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान के अलावा शंकर-पार्वती, भगवान विष्णु, लक्ष्मी एवं साधु संत चल रहे थे। गाजे-बाजे के साथ निकली शोभा यात्रा शैवटोला, छत्रधारी मोड़, सदर रोड, हाटा रोड, यूसुफपुर बाजार, तहसील तिराहा, वकीलबाड़ी, अग्रवाल टोली होते हुए चौक स्थित राम चबूतरे तक गई। रास्ते में श्रद्धालुओं ने रथ पर सवार राम एवं सीता के ऊपर पुष्प वर्षा की। रामचबूतरा पर पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रों के साथ गुरू वशिष्ठ ने श्रीराम का राज्याभिषेक कराया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम में राजेंद्र शर्मा, सौदागर पांडेय एवं राजेश शर्मा ने भजन एवं गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर रामलीला के कलाकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में रामलीला समिति के अध्यक्ष ओपी गिरी, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद राय, राकेश राय, अशोक वर्मा, रामसिद्धि कुशवाहा, पप्पू पांडेय, रवि पांडेय, गोपी पांडेय आदि उपस्थित थे।