गाजीपुर। प्रशिक्षण में सीखे हुए गुर को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। इससे जहां एक ओर स्वावलंबन आता है, वहीं दूसरी तरफ बेरोजगारी भी दूर होती है। वर्तमान परिवेश में बेरोजगारी एक बड़ी समस्या है। शिविर तथा प्रशिक्षण इस समस्या के समाधान में काफी सहायक होते हैं। यह बात ददरीघाट में यूनियन ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में चल रहे 30 दिवसीय ब्यूटी पार्लर मैनेजमेंट प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि यूबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक संजय नारायण ने कही।
कहा कि बेरोजगारी से निपटने और स्वावलंबन के लिए यह संस्थान काफी सराहनीय कार्य कर रहा है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, नारी शक्ति योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने बैंकों से जुड़ने की भी सलाह दी। संस्थान के निदेशक अजय कुमार ने बेरोजगारों को इस संस्थान में चलाए जा रहे विभिन्न नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में जानकारी देते हुए इसे सीखने की सलाह दी। मुख्य अतिथि ने प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र तथा पारितोषिक प्रदान किया। इस मौके पर सुशांत श्रीवास्तव, संदीपा कुशवाहा आदि मौजूद रहे।