खानपुर(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के अनौनी गांव के पास बीते दिनों स्कार्पियो और ट्रैक्टर की टक्कर को लेकर दो पक्षों में मारपीट के मामले के दो आरोपियों ने मंगलवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।
अनौनी गांव के पास बीते 20 जनवरी को स्कार्पियो और ट्रैक्टर में टक्कर होने को लेकर लोहसड़ गांव निवासी धनंजय सिंह और सुधाकर यादव के बीच मारपीट के साथ ही अगलगी की घटना हुई थी। इस मारपीट में धनंजय सिंह के चालक मोहित सिंह और धनंजय सिंह घायल हो गए थे। मोहित ने चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस के दबाव की वजह से दो आरोपियों ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि पुलिस के दबाव के चलते अभियुक्त सुधाकर यादव और बबलू यादव ने सीजेएम गाजीपुर की कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।