बहरियाबाद (गाजीपुर)। क्षेत्र के हाजीपुर ग्राम पंचायत की आबादी की जमीन पर आबाद कब्जा हटाने को लेकर गुरुवार को दर्जनों विकलांगों ने स्थानीय थाना क्षेत्र के रायपुर बाजार में सैदपुर-चिरैयाकोट मार्ग पर दिन में 11 बजे चक्काजाम कर दिया। इस दौरान कुछ विकलांग कफन ओढ़कर सड़क पर लेट गए। शाम करीब साढ़े छह बजे एसपी सिटी और एडीएम ने बंजर भूमि पर बसाने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
सुबह करीब 11 बजे नारेबाजी करते हुए विकलांग रायपुर बाजार में सैदपुर-चिरैयाकोट मार्ग पर पहुंचे और सड़क जाम कर धरना पर बैठ गए। इस मौके पर जन कल्याण विकलांग सेवा समिति के अध्यक्ष रामविलास चौहान ने कहा कि मुमताज एवं मंजूर ने आबादी की जिस जमीन पर मकान बनवाकर कब्जा किया हुआ है, उस अवैध कब्जा को हटाया जाए। उक्त जमीन पर विकलांग कन्हैयालाल सोनकर सहित अन्य विकलांगों को आबाद किया जाए। जाम की जानकारी होते ही एसपी सिटी प्रदीप दुबे, एसडीएम जखनिया शिवशरण अप्पा, एसओ सादात, एसओ बहरियाबाद मौके पर पहुंच गए और जाम समाप्त कराने के लिए समझाने लगे लेकिन जाम करने वाले अपनी मांग पर अड़े रहे। शाम करीब साढ़े छह बजे एसपी सिटी और एडीएम राजेश कुमार सिंह ने बंजर भूमि पर विकलांगों को बसाने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। जाम करने वालों में जन कल्याण विकलांग सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश राम, राष्ट्रीय महासचिव ह्रदय नारायण सिंह, सुनील सिंह, जिलाध्यक्ष विकलांग मोर्चा आजमगढ़ राजेश सिंह, रमेशचंद्र, विक्रम सिंह, हंसा देवी, सरिता सहित दर्जनों महिला-पुरुष शामिल थे। घंटों जाम की वजह से आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।