दिलदारनगर/जमानिया (गाजीपुर)। पूर्व मध्य रेलवे के पटना-मुगलसराय रेल खंड पर जमानिया स्टेशन के पास डाउन लाइन में बुधवार की रात पुणे-पटना एक्सप्रेस ट्रेन के गुजरने के बाद रेल पटरी चटकने के कारण स्टेशन के पैनल रूम का सर्किट लाल हो गया। इससे रेल विभाग में हड़कंप मच गया।
दानापुर कंट्रोल की सूचना पर पहुंचे रेल कर्मचारियों ने आनन-फानन में तत्काल रेल पटरी की मरम्मत कर परिचालन बहाल कर दिया। इस कारण परिचालन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। रेल सूत्रों से मिली जानकारी ने अनुसार बुधवार की मध्य रात्रि में जमानिया स्टेशन के पास पुणे-पटना एक्सप्रेस ट्रेन के गुजरने के बाद डाउन लाइन में रेल पटरी चटकने के बाद स्टेशन में लगे पैनल रूम का सर्किट अचानक लाल हो गया। इस कारण रेल विभाग में हड़कंप मच गया। दानापुर कंट्रोल की सूचना मिलते ही रेल पथ विभाग के कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंच गए। कर्मचारियों ने रेल पटरी की मरम्मत कर परिचालन बहाल कर दिया। इस कारण परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा। डाउन की सभी ट्रेनों को काशन के सहारे गुजारा गया। इस संबंध में जमानिया के सहायक रेल पथ निरीक्षक निर्मल यादव ने बताया कि जमानिया के पास डाउन लाइन रेलवे पटरी चटक गई थी। मौके पर पहुंच कर तत्काल रेल पटरी की मरम्मत कर दी गई। इससे परिचालन पर कोई असर नहीं रहा।