जिला अस्पताल में पूर्वांह्न 11.06 बजे कोविड - 19 का टीका लगवाते सीएमओ डा. जीसी मौर्या ।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। जिला अस्पताल स्थित कोविड-19 टीकाकरण केंद्र का शनिवार को टीकाकरण का जायजा जिलाधिकारी एमपी सिंह ने लिया। उन्होंने पहला टीका लगवाने पर सीएमओ डॉ. जीसी मौर्या को बधाई दी। पहले दिन चार केंद्रों पर 290 स्वास्थ्यकर्मियों को शाम पांच बजे तक टीका लगाया गया।
कोरोना वैक्सीन लगाने के लिए जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जखनिया स्वास्थ्य केंद्र को कोविड वैक्सीनेशन सेंटर बनाया गया था। इन केंद्रों पर टीकाकरण की सफलता के लिए चार एसीएमओ को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। प्रत्येक टीकाकरण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। टीकाकरण का शुभारंभ होने के बाद जिलाधिकारी एमपी सिंह जिला अस्पताल टीका स्थल पर पहुंचे और वैक्सीनेशन की प्रक्रिया को देखने के साथ वेटिंग रूम और निगरानी कक्ष में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों से पूछताछ की। साथ ही सीएमओ को बधाई देने के साथ स्वास्थ्य कर्मियों का हौसला भी बढ़ाया। सीएमओ डॉ. जीसी मौर्या ने बताया कि शाम पांच बजे तक टीकाकरण कार्यक्रम सफलता पूर्वक संपन्न हो गया। अन्य लाभार्थियों को कब टीका लगेगा, इसका समय शासन की ओर से निर्धारित नहीं किया गया है।